बाड़मेर ज़िला निर्वाचन अधिकारी निशांत जैन ने सूचना केन्द्र में स्थापित एकीकृत नियंत्रण कक्ष का बुधवार को निरीक्षण किया। उन्होंने सभी प्रकोष्ठों की कार्यप्रणाली एवं व्यवस्थाओं को जाना और सभी प्रकोष्ठ प्रभारियों एवं सदस्यों को अपने कार्यों का निर्वहन गंभीरता से करने के निर्देश दिए। उन्होंने एकीकृत नियंत्रण कक्ष में सी विजिल ऐप, वोटर हेल्पलाइन नंबर 1950, निर्वाचन नियन्त्रण कक्ष नम्बर (02982)222226, 299176, 299187, एमसीसी सेल, एमसीएमसी सेल सहित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली।
ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने मीडिया प्रकोष्ठ द्वारा इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल व प्रिंट मीडिया की मॉनिटरिंग के संबंध में फीडबैक लिया। समाचार पत्रों में प्रकाशित होने वाली संभावित पेड न्यूज एवं फेक न्यूज पर भी पूरी नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर संचालित गतिविधियों पर भी विशेष नजर रखने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि सी-विजिल ऐप पर प्राप्त शिकायतें 100 मिनिट में अनिवार्य रूप से निस्तारित हों, इसके लिए आवश्यक समन्वय किया जाए। उन्होनें सभी हेल्पलाइन नंबरों पर प्राप्त शिकायतों को गंभीरतापूर्वक एवं समयबद्ध रूप से निस्तारित करने तथा पूरी प्रक्रिया का रिकॉर्ड संधारण करने हेतु निर्देशित किया। ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि किसी भी स्थिति में आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन नहीं हो, इसके मद्देनजर पूर्ण गंभीरता से कार्य किया जाए।
इस दौरान यूआईटी सचिव श्रवण सिंह राजावत, सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी अमनदीप बिश्नोई सहित विभिन्न लोकसभा चुनाव हेतु गठित विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।



