
जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने स्थानीय उद्यमियों के साथ की बैठक, निवेश और उद्योग विस्तार पर हुआ मंथन*बालोतरा, 07 मई। बालोतरा जिले में स्थापित एचआरआरएल रिफाइनरी के आसपास के क्षेत्र को विकसित औद्योगिक हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में गुरुवार को जिला कलक्टर श्री सुशील कुमार यादव की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्थानीय उद्यमियों, उद्योग प्रतिनिधियों एवं रीको अधिकारियों ने भाग लेकर क्षेत्र में औद्योगिक विकास की संभावनाओं और निवेश को बढ़ावा देने पर विस्तृत चर्चा की।बैठक में जिला कलक्टर श्री सुशील कुमार यादव ने कहा कि रिफाइनरी परियोजना के शुरू होने के बाद बालोतरा और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएं बनी हैं। राज्य सरकार की मंशा है कि रिफाइनरी के आसपास पेट्रोकेमिकल आधारित उद्योगों का मजबूत नेटवर्क विकसित हो, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हों तथा क्षेत्र आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बने।बैठक के दौरान रीको ईकाई प्रभारी कुलदीप दाधीच ने “राजस्थान पेट्रो जोन” की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करते हुए बताया कि रिफाइनरी के निकट बोरावास-कालावा, सिन्धियों की ढाणी, वेदरलाई, मालियों की ढाणी, थोब, जेरला, बोरावास क्षेत्र में औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है। इस क्षेत्र में पेट्रोकेमिकल आधारित डाउनस्ट्रीम उद्योगों के लिए औद्योगिक भूखंड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होने बताया कि राजस्थान पेट्रो जोन को एचआरआरएल रिफाइनरी के समीप विकसित किया जा रहा है, जहां पॉलीप्रोपाइलीन एवं पॉलीएथिलीन आधारित उद्योगों की स्थापना की व्यापक संभावनाएं हैं। उद्योगों के साथ-साथ स्कूल, कॉलेज, ग्रुप हाउसिंग, मल्टीप्लेक्स, हॉस्पिटल, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, रिसोर्ट, होटल-मोटल और मॉल जैसी आधुनिक सुविधाओं के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। रीको द्वारा इन परियोजनाओं में निवेश के इच्छुक निवेशकों से प्रस्ताव आमंत्रित किए जाने की तैयारी की जा रही है, जिससे क्षेत्र में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विस्तार हो सके। प्रस्तुतीकरण में बताया गया कि यह क्षेत्र राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे एवं एक्सप्रेस-वे से बेहतर रूप से जुड़ा हुआ है, जिससे निवेशकों को परिवहन और लॉजिस्टिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। बैठक में स्थानीय उद्यमियों ने भी उद्योग स्थापना से संबंधित विभिन्न सुझाव एवं समस्याएं रखीं। उद्यमियों ने भूमि आवंटन प्रक्रिया को सरल बनाने, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, बिजली-पानी की बेहतर उपलब्धता तथा स्थानीय युवाओं को कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की मांग की।जिला कलक्टर श्री यादव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्योगों की स्थापना में आने वाली बाधाओं का त्वरित समाधान किया जाए तथा निवेशकों को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार कर रही है और स्थानीय उद्यमियों की भागीदारी से बालोतरा क्षेत्र को प्रदेश का प्रमुख औद्योगिक केंद्र बनाया जाएगा।बैठक में यह भी बताया गया कि रीको द्वारा विभिन्न चरणों में औद्योगिक भूखंडों का विकास किया जा रहा है तथा निवेशकों को प्रत्यक्ष आवंटन योजना के माध्यम से भूखंड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही प्लग एंड प्ले सुविधाओं के विकास पर भी कार्य किया जा रहा है, ताकि नए उद्योगों को शीघ्र संचालन शुरू करने में सुविधा मिल सके। बैठक में रीको अधिकारियों, स्थानीय उद्योगपतियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



