बाड़मेर आगामी गर्मियों के मद्देनजर जिला कलेक्टर निशांत जैन ने बुधवार को कलेक्ट्रेट के कांफ्रेंस हॉल में तैयारियों की समीक्षा बैठक ली एवं ज़िला व विभागीय अधिकारीयों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। इसको दृष्टिगत रखते हुए सभी अधिकारी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर लें। उन्होंने कहा कि सभी ज़िलाधिकारी अपने क्षेत्र में चल रही पानी की परियोजनाओं का समुचित निरीक्षण करें। गर्मियों में जिले में किसी गांव-ढाणी में पेयजल की किल्लत नहीं होनी चहिए l सभी संबंधित विभाग आगामी दिनों में पेयजल आपूर्ति, हीटवेव से बचाव एवं आवश्यकतानुसार चारा डीपो और पशु शिविर लगाने हेतु आपस में उत्कृष्ट समन्वय रखते हुए कार्य करें।
सुचारु पेयजल आपूर्ति हो सुनिश्चित, चोरी एवं छीजत पर लगे रोक
ज़िला कलेक्टर ने कहा कि आगामी दो महिनों में पेयजल आपूर्ति की स्थिति की प्रतिदिन मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा की अधिकारी जल पाइपलाइन का भौतिक सत्यापन करें ताकि पेयजल की किसी भी प्रकार से छीजत एवं चोरी की रोकथाम हो सके। साथ ही उन्होंने कहा कि जल परिवहन हेतु लगाए गए टैंकरो की आवाजाही एवं वितरण बिंदु की जीपीएस ट्रैकर के माध्यम से मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि स्थानीय अधिकारी समय रहते पानी की कमी वाले स्थानों को चिन्हित कर जल परिवहन हेतु प्रस्ताव जिला प्रशासन को भिजवाएं। बैठक में बताया गया कि वर्तमान में ज़िले के 22 गांवों और 46 ढाणियों में जल परिवहन करवाया जा रहा है। साथ ही आगामी गर्मियों को देखते हुए जिले में सरकारी ट्यूबवेल एवं हैंड पंप के नियमित संचालन हेतु आवश्यक रखरखाव एवं मरम्मत का प्रबंध किया गया है।
हीटवेव से बचाव के लिए हो सभी तैयारियां
जिला कलेक्टर जैन ने कहा कि आगामी महीनों में तापमान में संभावित वृद्धि के कारण हीटवेव से बचाव हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं। इन सम्बंध में प्रत्येक सोमवार को उपखंड अधिकारी बैठक लें। छोटे बच्चों के हीटवेव से बचाव हेतु विशेष रूप से कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि नियमानुसार ज़िला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उप स्वास्थ्य केन्द्र आदि में दवाईयों एवं उपचार की व्यवस्था की जाए। नरेगा में काम करने वाले श्रमिकों को गर्मियों हेतु ज़ारी किए गए शेड्यूल के अनुसार काम करवाया जाए। कार्यस्थल पर छाया, पानी, क्रेच, मेडिकल किट, फर्स्ट एड, ओआरएस आदि की व्यवस्था हो। उपखंड अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, तहसीलदार समय-समय पर नरेगा में चल रहे कार्यों का निरीक्षण कर इनकी उपलब्धता सुनिश्चित करें।
अधिकारी चारा डिपो एवं पशु शिविर हेतु भेजें प्रस्ताव
जिला कलेक्टर ने कहा कि आगामी गर्मियों में जिले में पशुपालकों को कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए अधिकारी चारा डिपो एवं पशु शिविरों की आवश्यकता वाले गांवो का प्रस्ताव जिला प्रशासन को भेजें। इन प्रस्तावों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सिद्धार्थ पलानीचामी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेंद्र सिंह चांदावत, अधीक्षण अभियंता जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग विपिन जैन, आयुक्त नगर परिषद विजय प्रताप सिंह, उपखण्ड अधिकारी बाड़मेर समदर सिंह भाटी एवं स्वास्थ्य विभाग, नर्मदा नहर प्रोजेक्ट, बाड़मेर लिफ्ट कैनाल प्रोजेक्ट के अधिकारियों सहित सभी उपखंड स्तरीय अधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं तहसीलदार वीसी एवं अन्य माध्यमों से उपस्थित रहे।



