बाड़मेर, अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेन्द्र सिंह चांदावत ने मंगलवार को ज़िले के भाडखा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण किया। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने सीएचसी में उपलब्ध चिकित्सा उपकरणों, निशुल्क दवाइयों एवं जांचों के बारे में जानकारी ली एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को वहां आने वाले मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने हेतु निर्देशित किया।

उन्होनें सीएचसी में स्थित कार्यालय कक्षों का दौरा कर उपस्थिति रजिस्टर देखा तथा नियुक्त सभी कर्मियों को नियमित रूप से आने हेतु दिशा निर्देश दिए। अतिरिक्त ज़िला कलेक्टर ने इस दौरान वहां आए मरीजों से बातचीत कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं के बारे में जाना। उन्होनें सीएचसी के स्वास्थ्य एवं अन्य कार्मिकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उत्कृष्ट सफाई व्यवस्था रखने, भर्ती मरीजों हेतु नई बेडशीट की व्यवस्था करने तथा सीएचसी में आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों के बैठने के लिए उचित व्यवस्था करने हेतु निर्देशित किया।



