
धोरीमन्ना कस्बे में नेशनल हाईवे के सहारे बनी सर्विस रोड पर लंबे समय से साफ-सफाई नहीं होने के कारण हालात बदतर हो गए हैं। सड़क किनारे मिट्टी और गंदगी के ढेर जमा हो गए हैं, जिससे दिनभर उड़ने वाली धूल-मिट्टी से स्थानीय लोग और व्यापारी काफी परेशान हैं। धूल के गुबार के कारण लोगों को सांस लेने में तकलीफ हो रही है और राहगीरों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कस्बे के मुख्य चार रास्ता क्षेत्र में तो स्थिति और भी ज्यादा खराब बताई जा रही है। यहां सर्विस रोड पर इतनी मिट्टी जमा हो चुकी है कि कई जगहों पर सड़क का नामोनिशान तक मिट गया है। वाहनों के गुजरने पर धूल का गुबार उठता है, जिससे आसपास के दुकानदारों और आम लोगों को दिनभर परेशानी झेलनी पड़ती है। दुकानों में धूल भर जाती है और व्यापार भी प्रभावित हो रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों को शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों का आरोप है कि NHAI इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है, जिससे समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों और व्यापारियों ने बताया कि धूल और गंदगी के कारण वातावरण प्रदूषित हो रहा है और लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है। दिनभर उड़ती धूल के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और एनएचएआई से मांग की है कि सर्विस रोड की जल्द साफ-सफाई करवाई जाए और नियमित रूप से रखरखाव किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और कस्बे में यातायात भी सुचारु रूप से चल सके।



