23.7 C
Rajasthan
Saturday, March 7, 2026

पंच गौरव के तहत खेल गतिविधियों के कार्यक्रम का आगाज, क्रिकेट प्रतियोगिताओं की रूपरेखा तय

बालोतरा, राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के तत्वावधान में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए संचालित पंच गौरव कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में विभिन्न खेल आयोजनों की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक देवाराम प्रजापत की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम के सफल संचालन एवं आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में प्रशिक्षण, सम्मेलन, भ्रमण कार्यक्रम तथा ब्लॉक एवं जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं के आयोजन की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी देवाराम ने बताया कि पंच गौरव योजना के अंतर्गत खेल गतिविधियों से जुड़े कार्यक्रमों का आवंटन जिला प्रशासन की ओर से किया गया है। इसके तहत खेलों को प्रोत्साहन देने और युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि नवगठित जिला बालोतरा में क्रिकेट खेल को बढ़ावा देने के लिए ब्लॉक स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन 12 से 13 मार्च 2026 तक किया जाएगा। ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता टीमों को क्रमशः 11,000 रुपये, 7,100 रुपये एवं 5,100 रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। ब्लॉक स्तर पर विजेता रहने वाली टीमों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
इसके बाद जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन 17 से 19 मार्च 2026 के बीच किया जाएगा। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता टीमों को 31,000 रुपये, 21,000 रुपये एवं 11,000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी जाएगी। इस प्रतियोगिता में केवल विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में अध्ययनरत नियमित विद्यार्थी ही भाग ले सकेंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान के निर्देशानुसार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर भाग लेने वाले खिलाड़ियों का चयन कर उन्हें विभिन्न खेल संस्थानों का भ्रमण भी करवाया जाएगा, ताकि वे खेलों की उन्नत व्यवस्थाओं से परिचित हो सकें और अपने प्रदर्शन में सुधार कर सकें।
पंच गौरव कार्यक्रम के अंतर्गत खेल गतिविधियों के सफल आयोजन और संचालन को लेकर आयोजित इस बैठक में अशोक कुमार शर्मा (अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी), भोमसिंह भाटी, गोपाल सिंह, तुलछाराम, अशोक कुमार, लिकमाराम, नरेन्द्र कुमार, उम्मेद सिंह, सुरेश कुमार, राजेन्द्र पाल, दिनेश कुमार, मुकेश कुमार, जितेन्द्र कुमार शर्मा सहित अन्य शारीरिक शिक्षक उपस्थित रहे।
बैठक में सभी ने मिलकर खेल गतिविधियों को सफल बनाने तथा जिले में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प भी व्यक्त किया।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles