
जालोर। गणपत सिंह हत्याकांड के खुलासे की मांग को लेकर जिला मुख्यालय पर आक्रोश थमता नजर नहीं आ रहा है। कलेक्ट्रेट के बाहर परिजनों का धरना गुरुवार को छठे दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर परिजन भूख हड़ताल पर बैठे हैं और मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग को लेकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जता रहे हैं।
धरने पर बैठी वृद्ध मां अपने बेटे को न्याय दिलाने की मांग को लेकर अडिग है। परिजनों का कहना है कि घटना को करीब 18 माह बीत चुके हैं, लेकिन अब तक पुलिस किसी ठोस निष्कर्ष तक नहीं पहुंच सकी है। उनका आरोप है कि जांच की रफ्तार बेहद धीमी है और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना कई सवाल खड़े करता है। परिजनों ने आशंका जताई कि पुलिस किसी दबाव में काम कर रही है।
धरना स्थल पर गुरुवार को राजपूत समाज के अनेक लोग पहुंचे और पीड़ित परिवार को समर्थन दिया। समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए चेतावनी दी कि यदि हत्याकांड का जल्द खुलासा नहीं हुआ तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा। समाज के लोगों ने कहा कि यह केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे समाज की अस्मिता का मामला है।
धरने के दौरान नारेबाजी भी की गई और प्रशासन से मांग की गई कि मामले की निष्पक्ष व तेज गति से जांच कर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए। परिजनों ने कहा कि वे तब तक धरना समाप्त नहीं करेंगे जब तक उन्हें न्याय का भरोसा नहीं मिलता।
इस पूरे घटनाक्रम से जिला प्रशासन पर दबाव बढ़ता जा रहा है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या ठोस कदम उठाता है और पीड़ित परिवार को कब तक न्याय मिल पाता है।



